हाइलाइट्स
देवू इंडिया में एक बार फिर वापसी करने जा रही है.
अब कंपनी इलेक्ट्रिक टू व्हीलर के मार्केट में कदम रखेगी.
कंपनी ने इसके लिए साझेदारी भी की है.
नई दिल्ली. इंडियन ऑटोमोबाइल मार्केट में जितना बजट कारों का हमेशा से बोलबाला रहा है उतना ही प्रीमियम सेडान कारों को भी लोग पसंद करते रहे हैं. हर तबके की पहुंच में आने वाली बजट कारों के बाजार पर हमेशा से मारुति सुजुकी की गाड़ियों का कब्जा रहा है. मारुति 800 हो या ऑल्टो और फिर ऑल्टो के 10, कंपनी की बजट कारों को टक्कर देने का दम कम ही कंपनियों ने दिखाया. वहीं प्रीमियम कारों की बात की जाए तो हमेशा से ऑडी, बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज जैसी कारों ने लोगों को आकर्षित किया है. लेकिन 90 के दशक में एक ऐसी कंपनी भी रही जिसने बजट कारों में मारुति की 800 और ऑल्टो, प्रीमियम कारों में मर्सीडीज और बीएमडब्ल्यू की गाड़ियों को कड़ी टक्कर दी. जब इस कंपनी ने अपनी बजट कार को मार्केट में उतारा तो फीचर्स से भरपूर इस गाड़ी को लोगों ने खासा पसंद किया. हालात ये हो गए कि मारुति आल्टो और 800 की सेल लगातार गिरने लगी. वहीं इसी कंपनी ने अपनी दो प्रीमियम कारों को भी लॉन्च कर दिया. पहली बार इंडियन कार मार्केट में डीएसजी गियरबॉक्स के साथ लग्जरी कार आई और देखते ही देखते सड़कों पर एक ही कंपनी की कारें दिखने लगीं. लेकिन फिर अचानक एक दिन इस कंपनी के ताले लग गए. इंडिया से ही नहीं दुनिया भर के बाजारों से कंपनी ने अपना कारोबार समेटना शुरू कर दिया. इसके पीछे भी कई कारण बताए गए लेकिन एक बेहतरीन कार मैन्युफैक्चरिंग कंपनी समय की आंधी में कहीं खत्म हो गई. हम यहां पर बात कर रहे हैं देवू की.
माटीज, सिएलो और नेक्सा जैसी कारों के लिए मशहूर देवू का जिक्र आज इसलिए क्योंकि एक बार फिर ये कंपनी ऑटोमोबाइल मार्केट में दस्तक देने जा रही है. लेकिन अब कुछ अलग होगा और कंपनी अपनी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल और ई-साइकिल को बाजार में उतारने की तैयारी में है. इसके लिए देवू ने साउथ कोरियन कंपनी केलवॉन इलेक्ट्रॉनिक्स एंडा एप्लायंसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की है.
देवू ई बाइक को इंडियन मार्केट में लॉन्च करने जा रही है.
कई क्षेत्रों में करेगी काम
देवू ने 25 अक्टूबर को ही देश में आधिकारिक तौर पर प्रविष्टि की घोषणा की है. पॉस्को देवू के स्वामित्व वाली कंपनी अब ऊर्जा, बिजली, इलेक्ट्रॉनिक्स और ई व्हीकल्स की मैन्युफैक्चरिंग करेगी. कंपनी अब इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट्स का निर्माण भी करेगी. केलवॉन इलेक्ट्रॉनिक्स के एमडी एचएस भाटिया ने बताया कि देश में बिजली, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और ई व्हीकल के क्षेत्र में कंपनी काम करने जा रही है और आने वाले समय में ये इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
देवू की क्या है योजना
कंपनी का प्लान है कि इंडिया में इलेक्ट्रिक व्हीकल और खासकर टू व्हीलर के बढ़ते बाजार में वे अपने पैर जमाने की कोशिश करेगी. देवू के डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशन चान रियू ने कहा कि हमारी देश में ई बाइक और साइकिल की नई रेंज को लॉन्च करने की योजना है. इसी के साथ कंपनी एलईडी टीवी और ऑडियो स्पीकर जैसे इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स को भी बाजार में उतारेगी.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Electric Bicycles, Electric vehicle
FIRST PUBLISHED : October 25, 2023, 16:50 IST





