नई दिल्ली. क्या आप भी उन यूजर्स में से हैं जो हर ऑनलाइन अकाउंट के लिए पासवर्ड को याद रखना एक झंझट भरा काम समझते हैं. अगर हां तो आपके लिए खुशखबरी है. मेटा (Meta), गूगल (Google) और ऐपल (Apple) के बाद ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन (Amazon) के ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है. दरअसल, अमेजन ब्राउजर्स और मोबाइल शॉपिंग ऐप्स (iOS यूजर्स) पर पासकी सपोर्ट शुरू कर रहा है. इससे ग्राहकों के लिए पासवर्डलेस साइन-इन (Passwordless Sign-in) के साथ अपने अकाउंट तक एक्सेस आसान और सुरक्षित हो जाएगी.
ग्राहक अब अपनी अमेजन सेटिंग्स में पासकी सेट कर सकते हैं. इससे उन्हें अपने डिवाइस को अनलॉक करने के लिए उपयोग किए जाने वाले उसी चेहरे, फिंगरप्रिंट या पिन का उपयोग करने की अनुमति मिलती है.
एंड्रॉयड अमेजन शॉपिंग ऐप पर भी जल्द मिलेगा सपोर्ट
ई-कॉमर्स दिग्गज ने सोमवार देर रात एक बयान में कहा कि ब्राउजर का उपयोग करने वाले सभी अमेजन ग्राहकों के लिए पासकी सपोर्ट उपलब्ध है और इसे धीरे-धीरे आईओएस अमेजन शॉपिंग ऐप पर भी उपलब्ध कराया जा रहा है. साथ ही एंड्रॉयड अमेजन शॉपिंग ऐप पर भी जल्द ही सपोर्ट मिलने लगेगा.
पासकी को लिखा या गेस नहीं किया जा सकता
पासवर्ड के विपरीत, पासकी को लिखा या गेस नहीं किया जा सकता है, जिससे हैकर के साथ पासकी के शेयरिंग को रोकने में मदद मिलती है. न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, कंपनी ने कहा, ”जब कोई ग्राहक अपने डिवाइस पर पासकी का उपयोग करता है, तो यह साबित होता है कि उनके पास उनका डिवाइस है और वे इसे अनलॉक करने में सक्षम हैं. ग्राहकों को अब यूनिक पासवर्ड याद रखने या नाम या जन्मदिन जैसे आसानी से अनुमान लगाने वाले यूजर्स का उपयोग करने के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है.”
पासवर्ड या वन टाइम कोड से ज्यादा सुरक्षित होते हैं पासकीज
ग्राहक ऐप्स और साइटों में साइन इन करने के लिए पासकी का उपयोग उसी तरह कर सकता है, जैसे वे अपने डिवाइस को फिंगरप्रिंट, फेस स्कैन या लॉक स्क्रीन पिन के साथ अनलॉक करते हैं. कंपनी ने कहा कि पासवर्ड और टेक्स्ट मैसेज में वन-टाइम कोड की तुलना में पासकीज फिशिंग हमलों के प्रति कम संवेदनशील होते हैं, इससे वे अधिक सुरक्षित विकल्प बन जाते हैं.
.
Tags: Amazon, Tech news, Tech News in hindi
FIRST PUBLISHED : October 25, 2023, 11:44 IST





