traffictail

साल 2022 में 4.61 लाख सड़क हादसों में 1.68 लाख लोगों की जान गई: सड़क मंत्रालय

SHARE:

नई दिल्ली: भारत में सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या ने एक बार फिर से डरा दिया है. कितनी बड़ी संख्या में लोग सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं, इसे लेकर भारत सरकार के सड़क मंत्रालय ने एक डेटा शेयर किया है, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 में कुल 4,61,312 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 1,68,491 लोगों की जान चली गई जबकि 4,43,366 लोग घायल हो गए थे.

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की तरफ से जारी ‘भारत में सड़क दुर्घटनाएं-2022’ शीर्षक वाली यह रिपोर्ट कहती है कि सालाना आधार पर सड़क हादसों की संख्या में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई और उनसे होने वाली मृत्यु की दर 9.4 प्रतिशत बढ़ी. हादसों में घायल होने वाले लोगों की संख्या में 15.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई.

रिपोर्ट के अनुसार, देश में 2022 में कुल 4,61,312 सड़क हादसे हुए, जिनमें से 1,51,997 यानी 32.9 प्रतिशत हादसे एक्सप्रेसवे एवं राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) पर हुए। वहीं 1,06,682 यानी 23.1 प्रतिशत हादसे राज्य राजमार्गों जबकि 2,02,633 यानी 43.9 प्रतिशत हादसे अन्य सड़कों पर हुए.

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘‘साल 2022 में सड़क हादसों में कुल 1,68,491 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 61,038 यानी 36.2 प्रतिशत लोगों की जान राष्ट्रीय राजमार्गों पर हुए हादसों, 41,012 यानी 24.3 प्रतिशत की मौत राज्य राजमार्गों पर और 66,441 यानी 39.4 प्रतिशत लोगों की जान अन्य सड़क हादसों में गई.’

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की यह वार्षिक रिपोर्ट राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस विभागों से प्राप्त डाटा/ जानकारी पर आधारित है. यह जानकारी एशिया-प्रशांत सड़क दुर्घटना डेटा (एपीआरएडी) आधार परियोजना के तहत एशिया व प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (यूएनईएससीएपी) द्वारा मानकीकृत प्रारूपों में जुटाई जाती है.

Tags: Road accident, Road Accidents

Source link

Gypsy News
Author: Gypsy News

Leave a Comment