हाइलाइट्स
राजस्थान रोडवेज की हालत हुई खस्ता
कर्मचारियों को 2 महीने से नहीं मिली सैलरी
पाई-पाई को मोहताज हो रहे हैं कर्मचारी और पेंशनर्स
जयपुर. प्रदेश की लाइफलाइन मानी जाने वाली राजस्थान रोडवेज के कर्मचारी पाई- पाई के लिए मोहताज हो गए हैं. 13 हजार रोडवेज कर्मचारियों को पिछले 2 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण इस बार उनकी दिवाली फीकी नजर आ रही है. हालांकि रोडवेज के एमडी नथमल डिडेल ने सरकार को पत्र लिखकर 50 करोड़ रुपये जारी करने की मांग की है ताकि कर्मचारियों को दिवाली के पहले वेतन दिया जा सके.
रोडवेज के रिटायर्ड कर्मचारी विनोद जौहरी ने बताया कि दिवाली के मौके पर जहां सब लोग त्योहार मनाने की तैयारियों में जुटे हैं वहीं रोडवेजकर्मी पिछले 2 महीनों से अपनी वेतन और पेंशन का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि नई सरकार ने रोडवेज से जुड़ी समस्याएं हल करने का वादा किया था, लेकिन इस दिशा में आज तक कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया. हालांकि सीएम गहलोत ने रोडवेज के नाम एक बड़ी राशि जारी की थी जिसकी वजह से कुछ महीनों तक हालात संभले लेकिन बाद में स्थिति जस की तस हो गई.
बड़े प्रदर्शन की तैयारी में रोडवेज कर्मी
गौरतलब है कि शुक्रवार 3 नवंबर को राजस्थान रोडवेज के कर्मचारियों ने वेतन जारी करने की मांग को लेकर रोडवेज मुख्यालय के सामने प्रदर्शन किया था. जिसके बाद रोडवेज के मैनेजिंग डायरेक्टर नथमल डिडेल ने सरकार और कर्मचारियों के बीच मध्यस्थता करते हुए सरकार को पत्र लिखकर फौरन 50 करोड़ रुपये रिलीज करने की मांग की थी. लेकिन सरकार की तरफ से उस पत्र का अब तक कोई जवाब नहीं आने के कारण रोडवेज कर्मचारी बड़े प्रदर्शन की तैयारी में हैं.
राज्य सरकार ने दिया था 4 प्रतिशत DA बढ़ाने का आदेश
रिटायर्ड रोडवेज कर्मी विनोद जौहरी के मुताबिक राज्य सरकार ने हाल ही में रोडवेज़ कर्मचारियों का 4 प्रतिशत डीए बढ़ाया है. यह डीए कर्मचारियों को सैलरी के साथ मिलेगा लेकिन पिछले 2 माह से खाते में सैलरी नहीं आने के कारण कर्मचारियों को डीए का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है. दूसरी तरफ पेंशन के सहारे जीवन गुजार रहे रिटायर्ड कर्मचारियों का हाल और भी बुरा है. उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि सरकार 7 नवंबर से पहले हमारे खातों में वेतन डाल देगी ताकि हम लोग दिवाली का त्योहार अच्छे से मना सकें.
.
Tags: Jaipur news, Rajasthan news, Rajasthan Roadways
FIRST PUBLISHED : November 7, 2023, 19:10 IST





