traffictail

CCTV लगाने के बहाने करते थे रेकी फिर खाली कर देते थे पूरा घर, 9 साल से चोरी कर रहा था गैंग

SHARE:

पटना. अगर आप अपने घर में सीसीटीवी लगनाने की सोच रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं क्योंकि हो सकता है कि सीसीटीवी लगाने के बहाने शातिर चोर आपके पूरे घर की रेकी कर लें. दरअसल पटना पुलिस ने एक ऐसे ही चोर गिरिह का खुलासा किया है. ये गिरोह कहने को तो घरों में सीसीटीवी लगाने का काम करता था लेकिन गिरोह के सदस्य इसी बहाने घरों की रेकी करते थे. यह गिरोह पिछले 9 सालों से सीसीटीवी कैमरा लगाने के बहाने घरों को निशाने पर लेता था.

घरों की रेकी करने के बाद गिरोह के सदस्य मौके का फायदा उठाकर आराम से चोरी की घटना को अंजाम देते थे. दिलचस्प बात तो यह है कि गिरोह के सदस्य पकड़े भी गए तो सीसीटीवी कैमरे की ही मदद से ही. गिरोह का सरगना धीरज नामक शातिर चोर है जो चोरी की घटनाओं में पहले भी जेल जा चुका है. पिछले 18 अक्टूबर को राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी में भी इस गिरोह ने एक घर में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया था. गिरोह के सदस्यों ने सीसीटीवी कैमरे लगाने के बहाने इस घर में की रेकी की थी.

इसके बाद चोरों ने सोने तथा चांदी के आभूषण समेत कैश चुरा लिए थे. मामले का केस दर्ज होने के बाद पटना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी. सचिवालय डीएसपी सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित इस टीम ने जब सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू किया तब इसमें धीरज पर पुलिस की नजर पड़ी. जब पटना पुलिस ने धीरज की तस्वीरों को सर्कुलेट किया तब पत्रकार नगर थाने की पुलिस ने धीरज की पहचान की और बताया कि चोरी के कांड में वह इस थाने से जेल जा चुका है.

इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई और धीरज को गिरफ्तार कर लिया. धीरज से पूछताछ के बाद गिरोह के दो अन्य सदस्य भी गिरफ्तार कर लिए गए लेकिन इस बीच पुलिस को इस बात की भी जानकारी मिली कि पटना के राजीव नगर में सुमित्रा ज्वेलर्स का मालिक शशिकांत रवि चोरी के अभावूषणों की खरीदारी करता है. इसके बाद पुलिस ने दबिश बढ़ाई और शशिकांत रवि को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गिरोह के पास से सोने और चांदी के आभूषण के अलावा 5000 नागद जब्त किया है. पटना पुलिस का दावा है कि इस गिरोह के खुलासे से राजधानी पटना में चोरी की घटनाओं में कमी आ सकेगी.

Tags: Bihar News, Crime News, PATNA NEWS

Source link

Gypsy News
Author: Gypsy News

Leave a Comment