हाइलाइट्स
मुजफ्फरपुर में एक ही परिवार के चार लोगों को गोली मार दी गई.
चार में तीन लोगों की स्थिति गंभीर, पुलिस जांच की बात कह रही.
मुजफ्फरपुर के कटरा जजुआर थाना क्षेत्र में जजुआर मध्य की घटना.
प्रियांक सौरभ/मुजफ्फरपुर. मुजफ्फरपुर में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला है, जहां अपराधियों ने एक ही परिवार के चार लोगों को गोली मार दी. घटना कटरा के जजुआर थाना क्षेत्र के जजुआर मध्य की है. अपराधियों ने पति-पत्नी और उसके दो बेटों को गोली मारी है. घायल सभी लोगों का इलाज मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है, जिसमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस घटना के कारणों को लेकर जांच में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार, गोली लगने से घायलों में जजुआर कटरा के 55 वर्षीय हेम ठाकुर के साथ में 45 साल की उनकी पत्नी मोती देवी, 24 साल के पुत्र अंकित कुमार और दूसरा पुत्र 22 वर्ष का अमन कुमार है. सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें तीन लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक को खतरे से बाहर बताया जा रहा है. एक परिवार के चार लोगों को एक साथ गोली मारने की घटना से लोग दहशत में हैं.

डीएसपी पूर्वी सहरियार अख्तर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का लग रहा है. पीड़ित के तरफ से 5 लोगों की पहचान की गई है, जिसके बाद पुलिस अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. बताया जा रहा है कि हेम ठाकुर के बेटे अंकित पूजा समिति से जुड़े हैं. आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान कुछ विवाद हुआ होगा. हालांकि, पीड़ितों या उनके परिजनों की ओर से अभी कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं आई है.
.
Tags: Bihar crime news, Crime In Bihar, Muzaffarpur news
FIRST PUBLISHED : October 26, 2023, 08:56 IST





