भोपाल. भोपाल में अष्टमी के दिन कन्या भोज के नाम पर देवी मंदिर के सामने से दो बच्चियों को अगवा करने वाले गैंग के बारे में रोंगटे खड़े करने देने वाले खुलासे हो रहे हैं. पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है कई और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. आरोपियों को 60 घंटे के भीतर पकड़ने के बाद पुलिस ने बुधवार शाम उन्हें कोर्ट में पेश किया. कोर्ट से पुलिस को चार दिन की रिमांड मिली है. इस दौरान इन सभी से और पूछताछ की जाएगी. गैंग में सरगना अर्चना सैनी, उसका केरल का रहने वाला लिव इन पार्टनर निशांत रामास्वामी,अर्चना का बेटा सूरज , नाबालिग बेटी और सूरज की गर्लफ्रेंड लखनऊ की मुस्कान बानो शामिल हैं.
पुलिस ने बताया कि आरोपी इन बच्चों पर जुल्म ढाते थे. उनके साथ बुरी तरह मारपीट की जाती थी. इतना ही नहीं उनसे घर का काम भी कराया जाता था. इस मामले में अच्छी बात यह है कि भोपाल के कर्फ्यू वाली माता मंदिर से कन्या भोज के बहाने किडनैप हुई दोनों ही बच्चियों को पुलिस ने समय रहते सही सलामत बरामद कर लिया. दोनों को उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है.
2 बच्चियां पहले से हैं आरोपियों के पास
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ह्यूमन ट्रैफिकिंग की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया है. एसीपी अनिता प्रभा शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अधिक दिनों की रिमांड के लिए मांग की थी लेकिन चार दिन की रिमांड ही मिली है. पुलिस को आशंका है कि इस पूरी गैंग के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. उनकी तलाश में टीम अन्य राज्यों में भी भेजी गयी हैं.
ये भी पढ़ें- OMG :पुलिसकर्मी ने सीपीआर देकर सांप की बचायी जान, लेकिन ये खतरनाक है, आप ऐसा न करें
बच्चों पर हैवान की तरह टूटे
बच्चा चोर गिरोह के ये लोग हैवानियत करते थे. ये लोग बच्चों पर बुरी तरह अत्याचार करते थे. उन्हें बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाले तरीके से मारते पीटते थे. बाल पकड़कर घसीटते थे. हैंगर से मारते थे. घर का काम करवाते थे. भोपाल से गायब हुई बच्चियों के बाल क्यों काटे गए इस एंगल की भी पुलिस तफ्तीश कर रही है. जब पुलिस भोपाल स्थित गिरोह के ठिकाने पर पहुंची तो वहां दो बच्चियां पहले से मौजूद पाई गयीं. उनका वेरिफिकेशन भी किया जा रहा है. इसके अलावा पुलिस आरोपियों का बैकग्राउंड भी खंगालने में लगी हुई है.
किराये के कमरे में रहते, चलते थे मर्सडीज से
इस पूरी घटना को अंजाम देने वाला गैंग कितनी शातिर है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आने-जाने के लिए मर्सिडीज़ गाड़ी का इस्तेमाल करते थे ताकि लोग इन्हें अपर सोसायटी का समझकर इन पर शक न करें. जबकि ये रहते किराए के मकान में थे.

गैंग की सरगना महिला और प्रेमी
शनिवार सुबह गैंग ने दोनों बच्चियों को अगवा किया था. गैंग की सरगना, उसकी बेटी और बेटा इन्हें ई रिक्शा से लेकर रेत घाट तक आए. वहां पहले से खड़ी मर्सिडीज़ कार में बैठकर फरार हो गए. भोपाल की इंग्लिश विला कॉलोनी में जहां ये आरोपी रह रहे थे यह मकान उन्होंने सिर्फ 10 दिन पहले ही किराए से लिया था. पुलिस इस केस में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इसमें हरियाणा की रहने वाली सरगना अर्चना सैनी, उसका केरल का रहने वाला लिव इन पार्टनर निशांत रामास्वामी,अर्चना का बेटा सूरज , नाबालिग बेटी और सूरज की गर्लफ्रेंड लखनऊ की मुस्कान बानो शामिल हैं.
.
Tags: Bhopal latest news, Human Trafficking Case
FIRST PUBLISHED : October 25, 2023, 20:42 IST





