traffictail

धड़धड़ाती आ रही थी ट्रेन, उससे टकराने के बाद भी बच गई महिला, जिसने देखा नजारा वह सन्न

SHARE:

जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर से हैरान करने वाली खबर है. यहां एक महिला तेज गति से आती हुई ट्रेन से टकराने के बाद भी बच गई. आशंका है कि महिला आत्महत्या करने की नीयत से ट्रेन के आगे कूद गई. इस नजारे को जिसने देखा उसके होश उड़ गए. घायल महिला को देखने भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई. महिला की हालत देख लोगों ने रेलवे पुलिस और जिला पुलिस को खबर की. इसके बाद उन्होंने महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना भेड़ाघाट रेलवे स्टेशन पर घटी.

बताया जाता है कि, घटना 17 दिसंबर की दोपहर एक बजे घटी. कुछ लोगों ने देखा कि एक महिला बहुत देर से पटरियों के आसपास घूम रही थी. इस बीच वहां से एक ट्रेन गुजर रही थी. ट्रेन की आवाज सुनकर महिला उस ओर मुड़ गई. जैसे ही ट्रेन आई, महिला ने उसके आगे छलांग लगा दी. टक्कर से वह पटरियों पर एक तरफ जा गिरी. जमीन पर गिरते ही महिला बेसुध हो गई. गनीमत रही कि उसकी जान नहीं गई. स्टेशन पर और आसपास खड़े लोगों ने ये नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए. वे आनन-फानन में महिला से पास पहुंचे. धीरे-धीरे सूचना मिलते ही भीड़ मौके पर जमा हो गई.

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया क्या हुआ
प्रत्यक्षदर्शी भारत पटेल ने बताया कि महिला पटरियों पर बहुत देर से घूम रही थी. उससे लोगों ने पूछा कि यहां क्या कर रही है. उसने कहा कि कोई ट्रेन से आने वाला है. उसे स्टेशन पर रिसीव करना है. इसके बाद जब लोग अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए तो ट्रेन देखकर महिला पटरियों पर कूद गई. जब तक लोग उस तक पहुंच पाते, तब तक ट्रेन उसे टक्कर मार चुकी थी. टक्कर के बाद महिला एक तरफ गिर गई. फिर उसे लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. वह फिलहाल जीवित है.

पुलिस ने बताई ये कहानी
जीआरपी पुलिस के जांच अधिकारी ने बताया कि हमें महिला के ट्रेन से टकराने की सूचना मिली थी. महिला एक बजे सिंगरौली से गाडरवारा जाने वाली मालगाड़ी से टकराई है. वह भेड़ाघाट के शिल्पी नगर की रहने वाली है. महिला को पुलिस ने 08 एंबुलेंस के जरिये जिला अस्पताल भेज दिया. महिला बच गई है. उसके सिर में चोट आई है. महिला की उम्र 30-32 साल के करीब है. इस घटना का कारण फिलहाल पता नहीं चला है. उसके बयानों के बाद ही कारण स्पष्ट होगा.

Source link

Gypsy News
Author: Gypsy News

Leave a Comment