पटना. पटना में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है. अपराधियों द्वारा आए दिन आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है बावजूद इसके पुलिस इन घटनाओं को रोक पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. ताजा मामला खाजेकला थाना क्षेत्र के नौजर कटरा दुर्गा स्थान के पास का है, जहां मंगलवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने गला रेतकर एक 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी.
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए. परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. मृतक की पहचान नौजर कटरा मोहल्ला निवासी संतोष कुमार के रूप में की गई है, जो ठेला चलाने का काम करता था. बताया जाता है कि देर रात मोहल्ले के ही कुछ लोग संतोष को घर से बुलाकर ले गए, और नौजर कटरा स्कूल के पीछे ले जाकर गर्दन रेत कर उसकी हत्या कर दी.
घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतक के बड़े भाई रामबाबू और अजय कुमार ने बताया कि मोहल्ले के ही कुछ लड़के संतोष को घर से बुलाकर ले गए थे, और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. मृतक के भाई का यह भी कहना था कि मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ संतोष की दुश्मनी थी. बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश में ही संतोष की गला रेतकर हत्या कर दी गई है. पूरे मामले में पूछे जाने पर मौके पर मौजूद पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक सरथ आर एस ने मामले की जांच किए जाने की बात कही और जल्द ही पूरे मामले का उद्वेदन कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है.
फिलहाल पुलिस हत्यारों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान में जुट गई है. हत्या की इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है.
.
Tags: Bihar News, Crime In Bihar, Crime News, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : December 6, 2023, 08:23 IST





