नवादा. बड़ी खबर बिहार के नवादा से है जहां गैस एजेंसी के मालिक की निर्मम हत्या कर दी गयी है. हत्या की इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. मामला नेमदारगंज थाना क्षेत्र के तेयार गांव से जुड़ा है जहां गैस एजेंसी के संचालक नंदलाल साव की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई. तेयार गांव में नवीन राजश्री भारत गैस एजेंसी के मालिक नंदलाल साव की लोहे के रोड से पीट कर निर्मम हत्या कर दी गई. प्रथम दृष्टिकोण से पूरी तरह से यह घटना हत्या का ही प्रतीत हो रहा है.
हत्या की इस घटना के बाद अकबरपुर और नेमदारगंज थाने के पुलिस मौके पर पहुंची, जहां रजौली एसडीपीओ पंकज कुमार के नेतृत्व में शुरुआती अनुसंधान शुरू किया गया. घटना की जानकारी तब हुई जब मृतक के बेटे के द्वारा इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई. मृतक के बेटे ने बताया कि आमतौर पर वो एजेंसी बंद कर सात से आठ बजे के बीच चले आते थे. मंगलवार देर रात तक वो घर नहीं पहुंचे तो चिंता बढ़ने लगी.
उसके बाद अगली सुबह पुलिस को इसकी जानकारी दी गयी. सुबह जब गैस एजेंसी को खोला गया तो गोदाम में ही उनकी लाश मिली, जिससे आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया. पुलिस भी सकते में आ गयी कि इनकी गोदाम में आखिर हत्या कैसे हुई. अनुसंधान के दौरान रजौली एसडीपीओ ने बताया कि उन्हें शुरुआती महत्वपूर्ण साक्ष्य कुछ मिले हैं जिससे हत्यारे को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा. घटना के बाद अनुसंधान को बढ़ाते हुए पुलिस डॉग स्क्वायड को बुलाकर जरूरी साक्ष्य इकट्ठा कर रही है.
रजौली एसडीपीओ ने बताया कि बहुत जल्द ही हत्यारों को पकड़ लेंगे. अनुसंधान में पुलिस को हत्यारे के कई साक्ष्य मिले हैं. मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरोसा गांव के निवासी थे.
.
Tags: Bihar News, Crime In Bihar, Crime News, Nawada news
FIRST PUBLISHED : November 9, 2023, 15:19 IST





