हाइलाइट्स
बीकानेर के सदर थाना इलाके में हुई वारदात
युवती ने सुसाइड नोट में किया हैवानियत का खुलासा
मृतका के पिता ने दो आरोपियों समेत एक महिला के खिलाफ दर्ज कराया केस
मनीष दाधीच.
बीकानेर. राजस्थान में एक और गैंगरेप पीड़िता ने मौत को गले लगा लिया है. पीड़िता ने आज फांसी का फंदा लगाकर दुनिया को अलविदा कह दिया. पीड़िता ने जान देने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखकर छोड़ा है. उसमें उसने दो आरोपियों के नामों का खुलासा किया है. पीड़िता के आत्महत्या करने के बाद उसके पिता ने अपनी रिपोर्ट में दोनों आरोपियों समेत एक महिला पर उनका सहयोग करने का आरोप लगाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
बीकानेर सदर थानाप्रभारी सुरेन्द्र पचार ने बताया कि इलाके की एक युवती ने मंगलवार को अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका के पिता ने करण जाम्भ और मोहित अरोड़ा पर बेटी से रेप करने और एक महिला पर आरोपियों का सहयोग करने का आरोप लगाया है. परिवादी ने बताया कि आरोपियों ने उसकी बेटी की अश्लील वीडियो क्लिप बना ली थी. उसे वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया.

पीड़िता ने अपनी बहन को बताया था हैवानियत के बारे में
परिवादी के अनुसार उसकी बेटी ने अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में अपनी बहन को बताया था. आरोपियों के बार-बार प्रताड़ित करने से परेशान होकर मंगलवार को उसकी बेटी ने अपनी जान दे दी. मृतका ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें आरोपियों के नाम लिखे हैं. सुसाइड की इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस आगे की कार्रवाई करने में जुटी है.
राजस्थान में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी दुखद घटनाएं
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में रेप और गैंगरेप पीड़िताओं द्वारा सुसाइड करने के पहले भी मामले सामने आ चुके हैं. कई मामलों में पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगे हैं. रेप और गैंगरेप के सूबे में लगातार बढ़ते मामलों को लेकर बीजेपी कई बार गहलोत सरकार को घेर चुकी है. वहीं एनसीआरबी की ओर से पिछले दिनों जारी की गई रिपोर्ट में भी राजस्थान रेप और गैंगरेप के मामलों में अव्वल स्थान पर बताया गया था. बहरहाल पुलिस युवती से गैंगरेप और सुसाइड केस की पूरी पड़ताल करने में जुटी है.
.
Tags: Bikaner news, Crime News, Gang Rape, Rajasthan news, Suicide Case
FIRST PUBLISHED : November 7, 2023, 14:33 IST





