नवादा. झारखंड के जामताड़ा की तर्ज पर बिहार का नवादा जिला भी इन दिनों साइबर अपराध का गढ़ बनता जा रहा है. नवादा में एक बार फिर से अनोखे तरीके से साइबर अपराध करने की घटना सामने आई है. अब तक आपने सुना होगा कि हिंदी अंग्रेजी भाषा के जरिए लोगों को फोन कॉल्स कर साइबर फ्रॉड किया जाता था मगर इस बार नए तरीके से साइबर ठगी लोगों के साथ की जा रही थी, जिसका उदभेदन नवादा साइबर थाने की पुलिस ने किया है.
इस बार साइबर अपराध से जुड़े लोगों ने तेलंगाना से तेलुगु भाषा बोलने वाले लोगों को बुलाकर तेलुगू भाषी लोगों से साइबर अपराध कराया जा रहा था. लोगों को वहां से बुलाकर उन्हें टारगेट देकर अपराध कराया जा रहा था, जिसमें इन सभी ने लोगों से बड़े पैमाने पर साइबर ठगी कर रखी थी. नवादा साइबर थाना की अध्यक्ष प्रिया ज्योति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गैंग और गैंग के काम करने के तरीके की जानकारी दी.
जिले में पहली बार हुई ऐसी घटना
साइबर थाना अध्यक्ष प्रिया ज्योति ने बताया कि कि जिले में यह पहली बार देखने को मिला है जहां दूसरे राज्य से लोगों को बुलाकर उनके राज्य के भाषा समझने वाले लोगों के साथ ठगी की गई है. उन्होंने बताया कि साइबर पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि वारसलीगंज थाना क्षेत्र के झौर ग्राम के भूषण कुमार उर्फ ओम विकास रंजन जो की तेलंगाना से चार व्यक्तियों को बुलाकर वारसलीगंज बाजार स्थित पटेल कॉलोनी में किराए के मकान में इन चारों तेलुगुवासी लोगों से साइबर अपराध करवाते थे. ये सभी अपराधी तेलुगु भाषा वाले लोगों को फोन कर तेलुगु भाषा में ठगी करते थे, जिसमें इन्होंने करोड़ों की ठगी कर रखी थी.
लोन दिलाने के नाम पर करते थे ठगी
इस ग्रुप के द्वारा तेलुगू भाषी लोगों से घनी फाइनेंस से लोन, इंडिया बुल से लोन, गैस एजेंसी दिलाने एवं सिंपल वन इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने के नाम पर उन्हें फोन करके रुपए ठगने का काम करते थे. इनके पास से भारी मात्रा में साइबर अपराध से जुड़े सामग्रियां भी जब्त हुई हैं, जिसमें 25 मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम डेबिट कार्ड, एपिक कार्ड, फ्लाइट टिकट, दूसरे राज्य का सिम कार्ड, ईमेल आईडी लिखा हुआ दस्तावेज 40 पन्नों का रोज के पैसे का हिसाब किताब की एक डायरी जिसमें वह अपने अपराध के सभी कांडों का लेखा-जोखा रखते थे.
इस गिरोह का मुख्य सरगना भूषण कुमार अभी भी फरार चल रहा है जबकि पूछताछ के दौरान इन अपराधियों ने बताया है कि उनके ग्रुप में कुल 15 लोग काम करते थे, जिसमें यह चारों तेलुगु भाषी लोगों को ठगते थे. बाकी अन्य हिंदी भाषी के स्थानीय साइबर अपराधी थे. साइबर अपराधियों में कवाली हरि कृष्ण, वैदत्या गणेश, वेदत्या अक्षय,रामावत कल नायक जो की आंध्र तेलंगाना के महबूबनगर के रहने वाले हैं को गिरफ्तार किया गया है.
.
Tags: Bihar News, Crime In Bihar, Crime News, Nawada news
FIRST PUBLISHED : November 7, 2023, 10:22 IST





