मोतिहारी. बिहार के मोतिहारी जिले के रामगढ़वा थाना के शिव शक्ति राइस मिल के गेट पर हत्या एवं लूट मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामलें में पुलिस ने तीन अपराधियों को हथियार एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. 27 लाख रुपए की लूट की साजिश कंपनी के कैशियर दिलीप सिंह ने ही खुद रची थी. दिलीप सिंह को पैसे की जरूरत थी और उसे घर बनाने का सपना था. अपने इसी सपना को पूरा करने के लिए स्थानीय अपराधियों के साथ मिलकर उसने लूट की योजना बनाई थी.
लूट में बड़ा हिस्सा दिलीप सिंह को मिलना था इसलिए अपराधियों ने लूट की वारदात के बाद गोली मारकर उसकी भी हत्या कर दी ताकि एक बड़ी राशि उसे नहीं देनी पड़े. रामगढ़वा के चम्पापुर मुसहरी नहर रोड के समीप हथियार के साथ पहंचे अपराधियों की खबर मिलने के बाद अपराध की बड़ी घटना को अंजाम देने के पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अपराधी हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे.
पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया है कि राइस मिल के कर्मी से लूट की घटना को अंजाम दे रहे थे जिसका विरोध करने पर कर्मियों को गोली मार दी थी. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान भूलन महतो, गजेन्द्र कुशवाहा और किशोरी कुशवाहा के रूप में हुई है. तीनों गिरफ्तार अपराधी पूर्वी चंपारण जिला के ही रहने वाले हैं. मालूम हो कि बीते 15 अक्टूबर को राइस मिल के गेट पर अपराधियों ने 27 लाख रुपए लूट लिए थे. इस दौरान विरोध करने पर कर्मियों को गोली मार दी थी जिसमें एक कैशियर की मौत हो गई थी.
मोतिहारी के एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शिव शक्ति राइस मिल के गेट पर हुई लूट और हत्या की वारदात के बाद पुलिस की टीम ने सफल उद्वेदन किया है. इस घटना में कुछ और अपराधियों के संलिप्तता के बिंदु पर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई चल रही है.
.
Tags: Bihar News, Crime In Bihar, Crime News, Motihari news
FIRST PUBLISHED : November 7, 2023, 09:34 IST





