पटना. राजधानी पटना के सिटी इलाके में अपराधियों का तांडव जारी है. अपराधियों द्वारा एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, बावजूद इसके पुलिस इन घटनाओं को रोक पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. ताजा मामला आलमगंज थाना क्षेत्र के जल्ला रोड का है जहां देर रात अपराधियों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी.
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और हत्या के कारणों को तलाशने में जुटी है. मौके पर मौजूद आलमगंज थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने हत्या की पुष्टि करते हुए जल्द ही पूरे मामले का उद्वेदन कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है.
फिलहाल पुलिस अज्ञात युवक की हत्या को आलमगंज थाना क्षेत्र के पटन देवी कॉलोनी के हरी बाबू की गली में हुई गोलीबारी की घटना से जोड़कर देख रही है. गौरतलब है कि हरी बाबू की गली मोहल्ले में देर रात अपराधियों के दो गुटों में हुई गोलीबारी में गोली लगने से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग शिवनाथ मिस्त्री की मौत हो गई थी, वहीं गोलीबारी की घटना में दो अपराधी भी घायल हो गए थे. घायल एक अपराधी अमन कुमार का एनएमसीएच में इलाज चल रहा है, वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे अपराधी अतुल कुमार को पुलिस ने पीएमसीएच में भर्ती कराया है.
आपको बता दें कि पिछले चार-पांच दिनों में पटना के सिटी इलाके में गोलीबारी और हत्या की कई घटनाएं हुई हैं. बीते चार-पांच दिनों में हुई गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है. मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर काली स्थान निवासी आनंद कुमार उर्फ राजा की हत्या कर दी गई थी तो वहीं सोमवार को आलमगंज थाना क्षेत्र में देर रात दो गुटों में हुई गोलीबारी में एक बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई थी. वहीं आलमगंज थाना क्षेत्र के जल्ला रोड में मंगलवार की देर रात अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.
.
Tags: Bihar News, Crime In Bihar, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : November 1, 2023, 11:29 IST





