सोनीपत. हरियाणा के सोनीपत के सिविल लाइन थाना से महज कुछ ही कदम की दूरी पर एक पति पत्नी के साथ मारपीट की वारदात ने जिला पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. पति-पत्नी के साथ बदमाशों की मारपीट की लाइव तस्वीरों के साथ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमे कुछ युवक उन्हें बेरहमी से मारते हुए नजर आ रहे हैं. हालांकि, इस वारदात के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर सिटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन घटना स्थल को लेकर कई घंटे सिविल लाइन थाना पुलिस और सिटी थाना पुलिस के कर्मचारी आपस में उलझते हुए नजर आए.
दरअसल, सोनीपत के एक गांव का रहने वाला अनमोल नाम का युवक अपनी पत्नी के साथ करवा चौथ की खरीदारी के लिए आया था. जब वह सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ककरोई चौक पर पहुंचा तो उसकी गाड़ी को शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले कई युवकों ने टक्कर मार दी. इसके बाद पति-पत्नी ने उनका पीछा किया. शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले युवक सिविल लाइन थाना से महज कुछ कदम की दूरी पर सुभाष चौक पर आ गए. सुभाष चौक पर जब अनमोल ने उन्हे रोकने की कोशिश की तो पहले तो काली वरना में सवार युवकों ने अनमोल को पीटा और बाद में आपने साथियों को मौके पर बुलाकर अनमोल की बेरहमी से पिटाई कर दी. अब तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल है और इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है.
जैसे ही मामला ने तुल पकड़ा और पुलिस को इसकी सूचना मिली पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया और सिटी थाना पुलिस को सौंप दिया, लेकिन इस मामले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान उठाना लाजिमी है. इस वारदात में अनमोल को सिर में गंभीर चोटे आई है, जिसका इलाज सोनीपत के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

सिविल लाइन थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि सुभाष चौक पर शराब पीकर कई युवकों ने एक पति पत्नी के साथ मारपीट की थी. इस मामले में हमने दो युवकों को हिरासत में ले लिया था और सिटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया है, क्योंकि शराब पीकर गाड़ी चला रहे युवकों के साथ पति-पत्नी की का झगड़ा सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ था, जहां मारपीट करने वाले युवकों ने पति पत्नी की गाड़ी को टक्कर मारी थी.
.
Tags: Haryana news live, Haryana News Today, Sonipat crime news, Sonipat news today
FIRST PUBLISHED : November 3, 2023, 09:59 IST





