प्रियांक सौरभ
मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रिश्ते में चचेरे ससुर लगने वाले एक व्यक्ति ने अपनी विधवा बहू के मांग में जबरन सिंदूर डाल दिया. जब बहू ने इसका विरोध किया तो ससुर ने उल्टा उसकी पिटाई कर दी, फिर उसके बाल मुंडवाकर गांव घुमाया और गांव से बाहर जाने का फरमान भी सुना दिया. वहीं जब यह मामला थाने तक पहुंचा तो पुलिस ने आरोपी ससुर को हिरासत में ले लिया.
दरअसल करजा थाना में पीड़ित महिला ने इस मामले को लेकर आवेदन दिया, जिसमें 8 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है. महिला के अनुसार रिश्ते में उसके चचेरे ससुर देवेंद्र मांझी बीते 20 अक्टूबर को महिला के घर में जबरन घुस गया और छेड़खानी करने लगा. फिर ससुर ने जबरन महिला के मांग में सिंदूर डाल दिया.
बताया जाता है कि जब महिला ने इसका विरोध किया तो देवेंद्र मांझी ने उसके साथ मारपीट की और उसको गांव से निकल जाने का फरमान सुना दिया. महिला जब नहीं निकली तो उसने उसके जबरन बाल मुंडवा दिए और फिर गांव भर में घुमाया. घटना के दौरान महिला की सास ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की.
मामले में पीड़िता ने अपने आवेदन में देवेंद्र मांझी के अलावा गुला मांझी, जयराम मांझी, शम्भू मांझी, सोनू मांझी, जयलाल मांझी, अखिलेश मांझी और मिथिलेश मांझी को आरोपी बनाया है. मामले को लेकर करजा थानाध्यक्ष राजेश कुमार राकेश ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन मिला है, मुख्य आरोपी देवेंद्र मांझी को न्यायिक हिरासत में ले लिया गया है. वहीं अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं इस मामले के सामने आने के बाद हर तरफ चर्चाओ का बाजार गर्म है.
.
Tags: Bihar News, Muzaffarpur news
FIRST PUBLISHED : October 28, 2023, 07:26 IST





