traffictail

केरल में फिलिस्तीन समर्थक रैली, शशि थरूर ने हमास को बताया आतंकवादी, हंगामा बढ़ने के बाद दी सफाई

SHARE:

तिरुवनंतपुरम. केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) के प्रमुख घटक दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) द्वारा आयोजित फिलिस्तीन एकजुटता रैली में कांग्रेस कार्यकारी समिति के सदस्य शशि थरूर के भाषण को लेकर विवाद पैदा हो गया है. उन्होंने इस रैली में इजरायल पर सात अक्टूबर को हुए हमास के हमले को आतंकवादी कृत्य बताया था.

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता और पूर्व विधायक एम स्वराज ने आरोप लगाया कि थरूर की कुछ टिप्पणियां इजरायल समर्थक थीं और कांग्रेस सांसद यह स्वीकार नहीं कर पाए कि वह एक ‘आतंकवादी’ राष्ट्र है. तिरुवनंतपुरम के सांसद पर निशाना साधते हुए स्वराज ने कहा कि उन्होंने आईयूएमएल के खर्चे पर इजरायल एकजुटता बैठक की.

हमास समर्थक समूहों और वामपंथी कार्यकर्ताओं के एक समूह द्वारा सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना के बाद थरूर ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि वह हमेशा फिलिस्तीन के लोगों के साथ रहे हैं और वह आईयूएमएल की रैली में उनके भाषण के केवल एक वाक्य के प्रचार-प्रचार से सहमत नहीं हैं. प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) द्वारा जारी एक लघु वीडियो में थरूर ने कहा, “मैं हमेशा फिलिस्तीन के लोगों के साथ रहा हूं.”

इससे पहले, फेसबुक पर एक पोस्ट में माकपा नेता स्वराज ने थरूर पर तंज कसते हुए कहा कि थरूर को पूरा यकीन है कि फिलिस्तीन की तरफ से जो हुआ वह एक ‘आतंकवादी हमला’ था, भले ही उस देश का 90 फीसदी हिस्सा इजरायल के कब्जे में चला गया. वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) विधायक के टी जलील ने भी थरूर की आलोचना की और कहा कि उनके भाषण से ऐसा लगता है कि यह इजरायल समर्थक रैली थी.

बहरहाल, आईयूएमएल नेता पी के कुन्हालीकुट्टी ने इस रैली को लेकर कथित तौर पर विवाद पैदा करने की कोशिश करने वाले समूहों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि लीग द्वारा आयोजित की गई विशाल रैली से फिलिस्तीन के समर्थन में जनमत बनाने में मदद मिली और थरूर ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलिस्तीनी लोगों के साथ हैं.

आईयूएमएल ने बृहस्पतिवार को यहां विशाल रैली आयोजित कर गाजा पट्टी में इजराइली हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत आम लोगों की कथित अंधाधुंध हत्याओं की निंदा की. आईयूएमएल के हजारों समर्थकों ने फिलिस्तीन एकजुटता मानवाधिकार रैली में भाग लिया. पार्टी के नेता पनाक्कड़ सैयद सादिक अली शिहाब थंगल ने इसकी शुरुआत की.

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य शशि थरूर इस रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. थरूर ने सभा को संबोधित करते हुए पिछले 19 दिन में इजरायल-हमास के बीच संघर्ष में निर्दोष लोगों के मारे जाने पर अफसोस जताया. उन्होंने कहा, ‘यह भारत में और शायद दुनिया भर में मानवाधिकारों की रक्षा और शांति के पक्ष में हुईं सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक रैलियों में से एक रैली कही जा सकती है. यह रैली शांति के लिए है.’

उन्होंने कहा कि शुरुआत में इजरायल और बाद में गाजा में निर्दोष महिलाओं और बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने इस संघर्ष को समाप्त करने की अनिवार्यता पर जोर दिया. थरूर ने स्पष्ट शब्दों में फिलिस्तीनी सशस्त्र समूह हमास द्वारा सात अक्टूबर को इजरायल पर किए गए हमले की भी निंदा की और इसे ‘आतंकवादी कृत्य’ बताया.

उन्होंने कहा, “सात अक्टूबर को आतंकवादियों ने इजरायल पर हमला किया और 1,400 लोगों की जान ले ली. दो सौ लोगों को बंधक बना लिया गया. पलटवार करते हुए इजरायल ने 7000 लोगों को मार डाला. बमबारी जारी है.”

(इनपुट पीटीआई से भी)

Tags: Congress, Hamas, Israel, Kerala, Palestine, SHASHI THAROOR

Source link

Gypsy News
Author: Gypsy News

Leave a Comment