रिपोर्ट- निखिल अग्रवाल/ अमरजीत शर्मा
मेरठ/ आरा. यूपी के मेरठ स्थित लोहियानगर में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में मारे गए पांच लोगों के परिजन बिहार से मेरठ पहुंच गए हैं. पोस्टमॉर्टम हाऊस पहुंचे परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर गंभीर आरोप लगाये है. उनका कहना है कि मजदूरों को रंग बनाने के नाम पर 12 हजार रुपए महीना देने का लालच देकर काम देने के लिए बुलाया गया था लेकिन उन्हें अवैध पटाखा बनाने के काम में झोंक दिया गया.
ब्लास्ट में मारे गए मृतकों के परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई सहित मुआवजे की मांग की है. लोहियानगर क्षेत्र में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में 17 अक्टूबर की सुबह हुए ब्लास्ट में बिहार के भोजपुर जिला स्थित एक गांव कोयल के रहने वाले पिंटू, सुनील ठाकुर, प्रयाग शाह, रूपम शाह सहित अयोध्या राम की मौत हो गई थी. पुलिस ने सभी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था और उनके परिजनों को घटना के संबंध में जानकारी दी थी.
मृतक के परिवार के लोग पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और फैक्ट्री संचालक पर गंभीर आरोप लगाए. मृतकों के परिवार वालों ने मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर हंगामा कर दिया. जानकारी मिलने पर सीओ कोतवाली अमित राय भी पहुंचे. इस दौरान मृतकों के परिवारवालों ने आरोपी फैक्ट्री संचालक पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों को मुआवजा देने की मांग की. पुलिस ने मृतकों के परिवार वालों को समझाकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन और मुआवजा देने की बात कही और उनको रवाना कर दिया .
मालूम हो कि भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयल गांव के रहने वाले पांच लोगों की मौत 17 अक्टूबर को मेरठ के लोहिया नगर में साबुन बनाने वाले एक इमारत में विस्फोट के दौरान हो गई थी. सभी के सभी बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले थे. एक ही गांव से पांच लोगों की मौत के बाद पूरा गांव शोक में डूब गया है, वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद से ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ है. गांव के निवासी मनोज के मुताबिक गांव की आबादी लगभग 7 हजार से ज्यादा है लेकिन गांव में 54 सौ के करीब युवा हैं, जिसमें से तीन हजार से ज्यादा लोग बिहार से बाहर मजदूरी करते हैं.
.
Tags: Bihar News, Meerut news, UP news
FIRST PUBLISHED : October 19, 2023, 18:17 IST





