ईशा बिरोरिया/ ऋषिकेश: गलत लाइफस्टाइल और खान-पान से लोगों की सेहत पर खराब प्रभाव पड़ता है. जिसकी वजह से हम सभी को कई सारी बीमारियों का सामना करना पड़ता है. जैसे की मोटापा, थकान, शारीरिक समस्या मानसिक समस्या इत्यादि. वहीं अगर आप वजन कम करने और अपने शरीर की चर्बी को घटाने के लिए जिम में खूब पसीना बहाते या फिर डाइटिंग करते हैं, तो इनके साथ ही योग भी काफी असरदार है. समस्याएं भले ही शारीरिक हो या मानसिक इनसे छुटकारा पाने के लिए योगा काफी लाभकारी होता है.
लोकल 18 के साथ हुई बातचीत के दौरान योगा ट्रेनर गोकुल बिष्ट बताते हैं कि अगर आप मोटापा कम करना चाहते हैं तो नियमित रूप से योग करके आप अपना वजन कम कर सकते हैं. वहीं आप पेट की जमी हुई एक्स्ट्रा फैट कम करना चाहते हैं तो योग काफी मदद करता है. तेजी से वजन कम करने के लिए ये तीन योगासन सबसे ज्यादा असरदार हैं.
बालासन
बालासन दो शब्दों से मिलकर बना है. इसका शाब्दिक अर्थ बच्चे की तरह बैठना है. इस मुद्रा में बच्चे अधिक रहते हैं.सूर्य की ओर मुखकर अपने पैरों को मोड़कर वज्रासन मुद्रा में बैठ जाएं. इसके बाद सांस लेते वक्त अपने दोनों हाथों को ऊपर ले जाएं. जबकि सांस छोड़ते समय आगे की तरफ झुकें. यह क्रम तब तक जारी रखें जब तक आपकी हथेलियां ज़मीन को न छू जाएं.इसके बाद अपने सिर को ज़मीन पर टिका दें. इस मुद्रा में आने के बाद शरीर को अनवरत छोड़ दें और आराम महसूस करें.सांस लें और सांस छोड़ें.हालांकि, सांस आराम से लें. इसमें कोई जल्दबाजी न करें. इस मुद्रा में 1 से 3 मिनट तक रह सकते हैं. इसे रोजाना कम से कम 5 बार जरूर करना चाहिए.इस आसन को करने से मोटापा तो काम होता है साथ ही साथ बदन दर्द और मानसिक तनाव भी दूर होता है.
वज्रासन
इस आसन को करने के लिए सबसे पहले घुटनों को पीछे की ओर मोड़ लें. अब अपने हिप को अपनी एड़ी पर रख लें. ध्यान रहे कि आपके दोनों पैर एक दूसरे को छूने नहीं चाहिए. अब अपनी सिर, गर्दन और रीढ़ की हड्डी को एक सीधी रेखा में रखें और अपनी हथेलियों को अपने जांघो पर रख लें. कुछ देर तक इस अवस्था में बैठ रहें. व्रजासन करने से आपके पेट के नीचे के हिस्से में रक्त संचार बढ़ता है, जिससे पाचन प्रक्रिया में सुधार आता है. भोजन करने के बाद वज्रासन में बैठने से भोजन अच्छी तरह से पच जाता है. व्रजासन करने से दर्द में आराम मिलता है साथ ही पैर और जांघो की नसें मजबूत होती हैं. इस आसन को करने से गठिया, वात रोग की सम्भावना कम होती है.
हलासन
इस आसन को करने के लिए सबसे पहले अपनी पीठ के बल जमीन पर लेट जाएं और अपने दोनों हाथों को नीचे रख लें. उसके बाद धीरे धीरे अपने दोनों पैरों को बराबर से ऊपर उठाएं और फिर अपनी कमर के सहारे अपने सिर के पीछे की ओर जाए. अपने सिर को तब तक सिर के पीछे ले जाएं जब तक आपके पैर ज़मीन को न छू लें.अगर आप अपने बढ़ते वजन से परेशान हैं तो अपने वजन को कम करने के लिए रोजाना हलासन जरूर करें. एक शोध के परिणाम अनुसार हलासन मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है और फैट को रिड्यूस करता है.
.
Tags: Health, Life18, Local18, Rishikesh news, Uttarakhand news, Yogasan
FIRST PUBLISHED : October 19, 2023, 13:15 IST





