ठाणे. महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे जिले में 16 साल की एक लड़की से 7 लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया, जिनमें से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, घटना दो अक्टूबर को जिले के भिवंडी शहर में हुई और चार आरोपियों को सोमवार रात को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि एक आरोपी नाबालिग लड़की को पहले से जानता था और उसने ही उसे खारबाव रेलवे स्टेशन के समीप बुलाया और उससे दुष्कर्म किया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता को धमकाया और उसे घटना का जिक्र किसी से भी करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. पुलिस के मुताबिक, कुछ वक्त बाद आरोपी ने किसी बहाने से लड़की को फिर से मिलने के लिए बुलाया और उसे रेलवे पटरियों के समीप एक कमरे में ले गया, जहां उसके छह दोस्तों ने बारी-बारी से पीड़िता से दुष्कर्म किया. पुलिस ने बताया कि डरी-सहमी पीड़िता ने इस भयावह घटना के तुरंत बाद डर की वजह से पुलिस में शिकायत नहीं की. बाद में उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

पॉक्सो के तहत FIR दर्ज, 3 अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 डी (सामूहिक दुष्कर्म) सहित संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत सात आरोपियों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई. एक अधिकारी ने बताया कि मामले में वांछित अन्य तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.
.
Tags: Crime Against Child, Crime News, Gang Rape, Maharashtra
FIRST PUBLISHED : October 17, 2023, 19:08 IST





