traffictail

Bihar: मुखिया प्रत्याशी की हत्या कर भाग रहे हत्यारों को भीड़ ने दबोचा, 2 की पीट-पीटकर हत्या

SHARE:

रोहतास. बड़ी खबर बिहार के रोहतास जिला से है जहां हत्या की घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो अपराधियों को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला. एक साथ तीन लोगों की हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मर्डर और मॉब लिंचिंग की ये घटना सूर्यपूरा थाना क्षेत्र की है. बुधवार की सुबह कल्याणी में बिजेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

हत्या कर भाग रहे अपाची सवार तीन अपराधियों को इस दौरान भीड़ ने पकड़ लिया, जहां भीड़ की पिटाई से दो अपराधियों की मौत हो गई, वहीं एक का इलाज जारी है. घटना की पुष्टि रोहतास एसपी विनीत कुमार ने भी की है. बताया जा रहा है कि मुखिया का चुनाव लड़ चुके विजेंद्र सिंह अपने नए मकान पर सूर्यपूरा थाना क्षेत्र के कल्यानी में थे, तभी अपाची सवार तीन सशस्त्र अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी और भाग खड़े हुए.

इसी दौरान गोली की आवाज सुनकर भाग रहे अपराधियों का लोगों ने पीछा किया, जहां गौशलडीह के पास भीड़ ने अपाची सवार तीनों अपराधियों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने लगे. भीड़ की पिटाई से दो अपराधियों की मौत हो गई, जबकि एक का इलाज फिलहाल स्थानीय स्तर पर जारी है. सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस कैंप कर रही है. इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है. बता दें कि विजेंद्र सिंह पिछले पंचायत चुनाव में मुखिया का चुनाव लड़ चुके हैं. संभवतया चुनावी रंजिश भी हत्या की वजह हो सकती है. फिलहाल पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है.

Tags: Bihar crime news, Bihar News, Crime News

Source link

Gypsy News
Author: Gypsy News

Leave a Comment